


गोंदिया – महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद २६ दिसम्बर २०२४ को महाराष्ट्र सरकार के मृदा एवं जल संरक्षण विभाग द्वारा ३००० नए पदों पर जल्द ही सरकार द्वारा भर्ती कराए जाने की घोषणा कैबिनेट मंत्री संजय राठौड़ द्वारा की गई थी। परंतु ४ महीने बीत जाने के पश्चात भी अभी तक महाराष्ट्र की महायुति सरकार द्वारा किसी भी प्रकार का कोई भी शासकीय आदेश जारी नहीं किया गया है । जिससे संपूर्ण महाराष्ट्र के हजारों उम्मीदवारों में असमंजस का माहौल बना हुआ है और भर्ती को लेकर निराशा छाई हुई हैं।
महायुति सरकार द्वारा जल्द से जल्द जल संरक्षण विभाग में ३००० पदों की भर्ती कराए जाने की मांग को लेकर गोंदिया जिला विद्यार्थी कांग्रेस (एनएसयूआई) जिला अध्यक्ष अमन तिगाला के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल द्वारा महाराष्ट्र सरकार के मृदा एवं जल संरक्षण कैबिनेट मंत्री संजय राठौड़ के नाम जिलाधिकारी गोंदिया के मार्फ़त ज्ञापन सौंपकर सरकार द्वारा जल्द से जल्द भर्ती के लिए आदेश जारी करने की मांग की गई है। अगर सरकार द्वारा जल्द से जल्द ३००० पदों की भर्ती के लिए आदेश जारी नहीं किया जाता है तो एनएसयूआई द्वारा सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की बात एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अमन तिगाला द्वारा कही गई हैं।














