Home महाराष्ट्र एआई की ताकत से ब्रेस्ट कैंसर जांच में नई क्रांति, मुंबई में...

एआई की ताकत से ब्रेस्ट कैंसर जांच में नई क्रांति, मुंबई में लगी देश की पहली स्मार्ट मैमोग्राफी मशीन

17

✒️प्रतिनिधी मुंबई(अनिल बेदाग)

मुंबई(दि.9जून):-में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल के तहत फूजीफिल्म इंडिया ने एनएम मेडिकल में देश की पहली एआई-पावर्ड डिजिटल मैमोग्राफी मशीन ‘एमुलेट सोफिनिटी’ स्थापित की है। ऐसे समय में जब भारत में ब्रेस्ट कैंसर महिलाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली गंभीर बीमारियों में शामिल है, यह अत्याधुनिक तकनीक समय रहते बीमारी की पहचान और बेहतर उपचार की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

एआई आधारित यह उन्नत मैमोग्राफी प्लेटफॉर्म कम रेडिएशन में उच्च गुणवत्ता वाली इमेजिंग उपलब्ध कराता है, जिससे न केवल जांच अधिक सटीक बनती है बल्कि मरीजों का अनुभव भी अधिक आरामदायक हो जाता है। आधुनिक टोमोसिंथेसिस (3डी इमेजिंग), स्मार्ट पोजीशनिंग और स्वचालित डिकंप्रेशन जैसी सुविधाएं इसे पारंपरिक मशीनों से अलग बनाती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की तकनीकें भविष्य में महिलाओं की प्रिवेंटिव हेल्थकेयर सेवाओं को और मजबूत करेंगी।

कोजी वाडा, प्रबंध निदेशक, फूजीफिल्म इंडिया ने कहा, “एनएम मेडिकल में एमुलेट सोफिनिटी की पहली इंस्टॉलेशन भारत में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य है कि आधुनिक तकनीक के जरिए समय पर बीमारी की पहचान हो और मरीजों को बेहतर उपचार का लाभ मिले।” डॉ. नीलेश शाह, चेयरमैन, एनएम मेडिकल ने कहा, “ब्रेस्ट इमेजिंग में तकनीकी प्रगति शुरुआती चरण में बीमारी की पहचान और मरीजों के भरोसे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती है।

यह नई डिजिटल मैमोग्राफी सुविधा महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगी।” डॉ. शिल्पा लाड, कंसल्टेंट, ब्रेस्ट इमेजिंग एंड इंटरवेंशंस, एनएम मेडिकल ने कहा, “साफ इमेज, कम रेडिएशन और मरीज का आराम—ये सभी बेहतर ब्रेस्ट इमेजिंग के लिए आवश्यक हैं। एआई आधारित तकनीक जांच की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ महिलाओं के लिए पूरी प्रक्रिया को अधिक सहज और भरोसेमंद बनाती है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here